जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनी 22 लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के लिए दिए निर्देश

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
बिहारशरीफ: जिलाधिकारी, श्री शशांक शुभंकर ने आज दैनिक जनता दरबार में 22 लोगों की समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए।
हरनौत के निवासी रूबी बर्मा ने 22 वर्षीय युवती के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक, नालंदा को मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
महम्मदपुर के एक आवेदक ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटित करने की मांग की। जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त, नालंदा को आवेदक की पात्रता जांच कर आवास आवंटित करने का निर्देश दिया।
बड़ी पहाड़ी के एक आवेदक ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे काम से होने वाली परेशानी की शिकायत की। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त, बिहारशरीफ को मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मघड़ा के एक आवेदक ने स्वर्गीय राजमणि कुमारी का निर्गत फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र निरस्त करने की मांग की। जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिहारशरीफ को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डुमरावां के एक आवेदक ने ग्रामीण विकास समिति में सचिव और कोषाध्यक्ष के जानकारी के बिना किसी अन्य व्यक्ति का पंजीकरण करने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त, नालंदा को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अन्य आवेदनों को भी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को भेजते हुए त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए गए।