👉10 अगस्त की रात किराना व्यवसायी के पुत्र की हुई थी हत्या 👉घटना में शामिल अपराधियों को पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार
नवादा : जिले में अपराधी पूरी तरह बेखौफ हो चुके हैं। आए दिन छिनतई, लूट, चोरी, हत्या की वारदातें हो रही हैं। एक महीने में डकैती के दौरान हत्या की यह दूसरी वारदात है, जब शिवनगर में वृद्ध उमेश सिंह की हत्या कर दी गई। इसके पहले गत 10 अगस्त की रात बुंदेलखंड सहायक थाना क्षेत्र के डोभरापर मोहल्ले में रेलवे ओवरब्रिज के निकट किराना व्यवसायी सत्यानंद प्रसाद के पुत्र रौशन कुमार की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। तब इलाके में काफी सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले को काफी गंभीरता से लिया था और उद्भेन किया था। घटना के चंद घटों के बाद श्वान दस्ता की मदद से पुलिस आरोपितों तक पहुंची थी। घटना में शामिल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया था। उस घटना में स्थानीय अपराधियों की भी संलिप्तता सामने आई थी। अब उस घटना के ठीक एक महीने बाद शिवनगर मोहल्ले में डकैती के दौरान हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले की जाच के लिए पुलिस की विशेष टीम जुट गई है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस कबतक उन अपराधियों तक पहुंचती है। बहरहाल, शहर में अपराध की बढ़ती घटनाओं से लोगों में रोष है। पिछले दिनों बैंक से रुपये निकाल कर घर लौट रहे दो लोगों से 50-50 हजार रुपये की छिनतई कर ली गई थी।