बिहारशरीफ : नालंदा जिले के बिहारशरीफ अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बुधवार को नगर पंचायत अस्थावाँ के जन वितरण प्रणाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस क्रम में पीडीएस विक्रेता प्रमोद कुमार और रविंद्र कुमार के दुकानों पर जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद लाभुकों से बातचीत कर उनका बयान दर्ज किया गया। सभी लाभुकों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है और वे विक्रेताओं की सेवा से पूरी तरह संतुष्ट हैं। साथ ही ई-पॉस मशीन से स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया, जो सही पाया गया।
इसी दौरान बिन्द प्रखंड अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए ले जाए जा रहे अनाज की भी जांच की गई। जांच में पाया गया कि कई बोरे फटे हुए थे और कुछ बोरियों में निर्धारित मानक से कम वजन पाया गया। इस गंभीर लापरवाही पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित सहायक गोदाम प्रबंधक से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।