रजौली (नवादा) थाना क्षेत्र के फुलवरिया डैम के पार झराही जंगल से पीएसआई रौशन कुमार ने सशस्त्र पुलिस बलों के सहयोग से छापेमारी कर 57 बोतल विदेशी शराब एवं 8 प्लास्टिक के गैलनों में रहे कुल 160 लीटर शराब लदे बाइक को जब्त किया।साथ ही बाइक पटककर भाग रहे चार शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया।थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र को शराबमुक्त बनाने को लेकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के अलावे सुदूरवर्ती जंगली क्षेत्रों में पुलिस बलों द्वारा शराब निर्माण, भण्डारण,परिवहन, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।बीते दिन रविवार की दोपहर को फुलवरिया डैम के पार रहे झराही जंगल के रास्ते शराब की बड़ी खेंप आने की गुप्त सूचना मिली।सूचना के आलोक में थाने में पदस्थापित पीएसआई रौशन कुमार को सशस्त्र पुलिस बलों के साथ आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा गया।छापेमारी के दौरान चार बाइकों पर सूती के बोरे में लदे सामानों के साथ चार लोग दिखाई दिए।सभी लोग पुलिस को देखते ही बाइक एवं लदे सामान को सड़क पर पटककर भागने लगे।भाग रहे लोगों को पुलिस बलों के सहयोग से पकड़ा गया।साथ ही बाइकों पर लदे सामानों की जांच की गई।जांच के दौरान एक बाइक पर विदेशी शराब एवं अन्य तीन बाइकों पर देशी महुआ शराब बरामद किया गया।पकड़े गए लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि झारखण्ड के झुमरी तिलैया थाना क्षेत्र के गझण्डी गांव निवासी गोपाल यादव के पुत्र मुकेश कुमार अपनी बाइक संख्या जेएच12ओ9524 पर झारखण्ड निर्मित रॉयल स्टेज कम्पनी के 750 एमएल के 21 बोतल व 375 एमएल के 36 बोतल,गोरियामाकुस गांव निवासी कार्तिकेय रविदास के पुत्र महेश रविदास बिना रजिस्ट्रेशन नम्बर के टीवीएस रेडॉन पर चार प्लास्टिक के गैलनों में 80 लीटर देशी महुआ शराब एवं सारेटांड़ गांव निवासी दामोदर सिंह के पुत्र विजय कुमार अपने बाइक पर दो गैलनों में 40 लीटर देशी महुआ शराब और गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के कोरिया गांव निवासी रामचन्द प्रसाद के पुत्र राजनन्दन भारती अपने बाइक पर दो गैलनों में 40 लीटर देशी महुआ शराब ले जा रहा था।थानाध्यक्ष ने कहा कि जब्त शराब एवं बाइक के अलावे चारों शराब तस्करों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।साथ ही कहा कि जब्त देशी-विदेशी शराब एवं बाइकों के अलावे गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।सभी गिरफ्तार लोगों को सोमवार को अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।कार्रवाई के दौरान डीएपी बल के अलावे चौकीदार मनोज कुमार उर्फ पंडित भी मौजूद रहे।