सामाजिक सहयोग से विद्यालय के शैक्षणिक माहौल में परिवर्तन की लहर

नवादा
 जनादेश न्यूज़ नेटवर्क
वारिसलीगंज से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट।
वारिसलीगंज (नवादा): विभिन्न प्रखंडो में स्थित प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के शैक्षणिक विकास की जिम्मेवारी सरकार एवं विद्यालय प्रधान की होती है।सरकार के सहयोग से विद्यालय में शैक्षणिक विकास के लिए कार्यक्रम चलाए भी जा रहे हैं। परन्तु वर्तमान परिवेश में शिक्षा के बदलते स्वरूप के अनुकूल विद्यालय का इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप नही है।वैसी स्थिति में कई विद्यालयों के प्रधान शिक्षक एवं सहायक शिक्षकों के द्वारा एक नया प्रयास किया जा रहा है जिसमें सामाजिक भागीदारी से विद्यालय की संरचना एवम बच्चों के शैक्षिक विकास का मार्ग प्रशस्त भी हो रहा है साथ ही साथ उनका प्रयोग भी सफल हुआ है। हम बात कर रहे हैं। वारिसलीगंज प्रखण्ड क्षेत्र के बल्लोपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बल्लोपुर (हिंदी) की जहां सहायक शिक्षक श्रीकांत के द्वारा विद्यालय में नित्य नए रचनात्मक प्रयोग किये जा रहे हैं। जिसमें बच्चों ने भी दिलचस्पी लेना प्रारम्भ कर दिया है। मंगलवार को विद्यालय में बच्चों के द्वारा मिट्टी कला (स्कल्पचर), कबाड़ का संसाधन में हैनडीक्राप्त द्वारा उपयोग ,विज्ञान प्रदर्शनी , टी.एल.एम. प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था।
प्रदर्शनी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण एवं विद्यालय परिसर की बदलती तस्वीर की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के द्वारा यह प्रयास काफी सराहनीय है। साथ ही साथ विद्यालय के वर्ग 6 एवं 7 के छात्र छात्राओं के लिए पुस्तकें, आधुनिक ग्रीन बोर्ड ,ग्लोब,नक्शा सहित अन्य पाठ्य सामग्रियों को विद्यालय में उपलब्ध कराने के लिए कड़ाही फ्रेश के संचालक सोनू कुमार एवं सेवा निवृत्त प्रधानाध्यापिका अनिता कुमारी की भी सराहना किया एवम उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया ।
शिक्षक श्री कांत के द्वारा विद्यालय के चहारदीवारी पर बच्चों के द्वारा की गई चित्रकारी में रंग रोगन एवं सहायक सामग्रियों को उपलब्ध कराने के लिए सोनू कुमार के प्रति आभार भी प्रकट किया। सहायक शिक्षक श्रीकांत कुमार के प्रयास एवं कार्यक्रम पदाधिकारी श्री प्रियदर्शी सौरभ के दिशा निर्देश में सामाजिक सहयोग से वर्ग कक्ष के संचालन की बिहार राज्य में एक अनोखी शुरुआत हुई । इसमें वर्ग 6 को गोद सेवानिवृत प्रधान शिक्षिका अनिता कुमारी एवम वर्ग 7 को गोद भूतपूर्व सरकारी सेवक , मिलिट्री स्कूल बेलगांव से पढ़े एवम कड़ाही फ्रेश रेस्टुरेंट के मालिक सोनू कुमार ने लिया । इसके लिए इन्होंने वर्ग कक्ष में ग्रीन बोर्ड , गोदरेज , एनसीईआरटी किताबें,डिक्सनरी, शिक्षण सहायक अन्य सामग्रियां दान दी हैं। साथ ही उन बच्चों को कम से कम सप्ताह में एक दिन टीचिंग सपोर्ट भी देने का वायदा किया है।उपरोक्त वर्ग कक्ष के बच्चों का मासिक एसेसमेंट किया जाएगा जिसके लिए हर माह बच्चों की परीक्षा ली जाएगी और उनके शैक्षणिक -सह शैक्षणिक समेत समग्र विकास का मूल्यांकन किया जाएगा एवम इसके लिए जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी । हर तीन माह में इन बच्चों के मूल्यांकन की रिपोर्ट जिला कार्यालय को उचित सलाह -मार्गदर्शन के लिए समर्पित किया जाएगा । जरूरी होने पर स्पेशल रिमेडियल क्लास की भी व्यवस्था गोद लेने वाले इन दोनो के द्वारा किया जाने का प्रावधान है। इससे पहले भी श्री कुमार के द्वारा किशोरी कक्ष को एक वर्ष के लिए संसाधन उपलब्ध कराने के लिए समाजसेवक प्रत्यूष आनंद को प्रायोजक बनाया गया । समाज से विद्यालय के लिए विभिन्न तरीके से सहयोग लेने का श्रीकांत कुमार द्वारा दर्जनों उदाहरण है जिसमे कभी डस्टबिन , किताबे , पेंट , थाली , एटलस , टीचिंग सपोर्ट आदि उल्लेखनीय है । उसी क्रम में दो वर्ग कक्ष को गोद देने का आज अभिनव प्रयोग है । मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी – मजहर हुसैन, जिला योजना पदाधिकारी अनीस भारती, कार्यक्रम पदाधिकारी- श्री प्रियदर्शी सौरभ आदि ने भी विद्यालय में चल रहे शैक्षणिक विकास गतिविधियों की सराहना करते हुए बच्चों का मार्गदर्शन किया।कार्यक्रम प्रबंधक पीरामल फाउंडेशन- मिथिलेश सिंह, गुणवता समन्वयक उदय शंकर, उत्सव आनंद ,विद्यालय प्रधान आभा कुमारी ,किरण कुमारी, वीरेंद्र कुमार , शकुंतला कुमारी ,सरिता कुमारी , माधुरी कुमारी,
शिक्षा समिति के अध्यक्ष अमिताभ कुमार सहित विद्यालय के सैकड़ो छात्र एवं छात्राएं मौजूद थे।