बिहार कैडर के 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी योगेंद्र सिंह को केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, उन्हें उप सचिव स्तर पर दिल्ली प्रतिनियुक्ति के तहत यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
योगेंद्र सिंह इससे पूर्व नालंदा के जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत रह चुके हैं। नालंदा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई विकासात्मक योजनाओं और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए थे। इसके अलावा वे समस्तीपुर जिले के डीएम रह चुके हैं, जहाँ भी उनकी कार्यशैली को खूब सराहा गया।
डीएम के अलावा उन्होंने बिहार में माध्यमिक शिक्षा निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी कार्य किया है। शिक्षा विभाग में रहते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर और शैक्षणिक सुधारों पर विशेष ध्यान दिया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ अब उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक हलकों में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि योगेंद्र सिंह का राज्यस्तर पर प्रशासनिक अनुभव अब केंद्र सरकार के कार्यों में भी लाभदायक सिद्ध होगा।