बिहार दिवस के अवसर पर आज नालंदा जिले में उत्साह और उमंग का अद्भुत माहौल देखने को मिला। जिला शिक्षा विभाग के तत्वाधान में बिहार शरीफ स्थित सोगरा हाई स्कूल मैदान से श्रम कल्याण मैदान तक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
इस प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। स्काउट गाइड के बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए छात्र-छात्राएं पूरे जोश के साथ बिहार दिवस के महत्व को दर्शाते नजर आए।
प्रभात फेरी के दौरान बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रेरणादायक नारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। “बिहार हमारा गौरव है”, “शिक्षा से विकास” जैसे नारों ने लोगों के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में अपने राज्य के प्रति गर्व की भावना विकसित करना और समाज में जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर जिला शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं शिक्षकगण भी मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
बिहार दिवस के इस आयोजन ने नालंदा में एक बार फिर यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी अपने राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह सजग और संकल्पित है।