जिला पदाधिकारी, नालन्दा द्वारा जिला अंतर्गत एल०पी०जी० गैस सिलिंडरों के कमी संबंधी फैली अफवाहों के संबंध में बताया गया कि जिला में एल०पी०जी० गैस सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है एवं तेल विपणन कंपनियों द्वारा गैस सिलिंडरों की खपत के विरूद्ध लगातार आपूर्ति जारी है। उपभोक्ताओं द्वारा गैस रिफिलिंग के संबंध में प्राप्त आवेदन के अनुसार उन्हें एल०पी०जी० सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि तेल विपणन कंपनियों के एरिया मैनेजर द्वारा उन्हें अवगत कराया गया है कि तीनों तेल विपणन कंपनियों के कुल 54 गैस ऐजेंसियों द्वारा प्रतिदिन औसतन लगभग 16131 एल०पी०जी० गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी, नालंदा द्वारा आमजनों से एल०पी०जी० गैस की कमी के संबंध में फैली अफवाहों पर ध्यान न देने एवं इस संबंध में सजग रहने का अनुरोध किया गया। साथ ही बताया गया कि एल०पी०जी० सिलिंडर की बुकिंग एवं अन्य संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम (Tollfree Number-06112-233168) का संचालन किया जा रहा है जिस पर संपर्क कर उपभोक्ता अपनी समस्याओं को दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त समस्याओं को संबंधित पदाधिकारी के माध्यम से निराकरण भी कराया जा रहा है।
एल०पी०जी० गैस के कमी के संबंध में फैली अफवाहों के मद्देनजर विभागीय निदेशानुसार प्रतिदिन गैस ऐजेंसियों एवं अन्य संबंधित स्थानों का भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है तथा सिलिण्डरों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए लगातार छापेमारी की जा रही है। जिला पदाधिकारी, नालंदा द्वारा यह भी बताया गया कि कोई व्यक्ति एल०पी०जी० सिलिंडरों की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा घरेलु गैस के व्यवसायिक उपयोग में संलिप्त पाये जाते हैं तो उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।