नालंदा में ₹5000 के विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या,बच्चों को एक कमरे में बंद कर पड़ोसी ने वारदात को दिया अंजाम

नालंदा बिहार शरीफ
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क 
नालंदा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में गुरुवार को ₹5000 के विवाद में एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के भंगवलबीघा गांव में घटी. मृतका महिला की पहचान महेश यादव की 30 वर्षीय पत्नी किरण देवी के रूप में की गई है. परिवार वालों ने किरण की हत्या का आरोप पड़ोसी पर लगाया है. घटना के संबंध में परिवार वालों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पड़ोस के अजीत की पत्नी ललिता देवी को मृतका के घर में करंट लग गया था. जिसके इलाज में करीब ₹5000 खर्च हुआ और ठीक होकर जब अस्पताल से घर आई तो इलाज में खर्च हुए रुपए की मांग करने लगे. 2 दिन पूर्व भी रुपया मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी और गुरुवार को जब घर में कोई सदस्य नहीं था तब महिला को अकेला पाकर घर में घुसकर बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया. उसके बाद विजय गोप, दीपक कुमार और अजीत गोप और उसकी पत्नी लाठी-डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही नूरसराय थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया. नूरसराय थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार सिंह ने बताया कि इलाज में खर्च हुए रुपए नहीं देने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या करने की बात बताई जा रहे हैं फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है