नालंदा में साइबर कैफे में घुसकर दिनदहाड़े फायरिंग,इलाके में फैली दहशत

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
नालंदा : जिले के थरथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत थरथरी बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल कायम हो गया और स्थानीय लोग सहम गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे बिहार ग्रामीण बैंक के समीप स्थित अविनाश साइबर कैफे पर कुछ अज्ञात बाइक सवार बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने पहले साइबर कैफे संचालक के साथ मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ की। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थरथरी थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। मौके से 8 एमएम के खोखे बरामद किए गए हैं। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि करीब 5-6 दिन पहले साइबर कैफे संचालक और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया।
गोलीबारी की इस घटना में साइबर कैफे संचालक धनंजय प्रसाद के पुत्र अविनाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी एवं मानवीय आधार पर जांच तेज कर दी गई है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। वहीं, स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।