बिहारशरीफ : नालंदा DM कुंदन कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभागीय योजनाओं की उपलब्धियों और लंबित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
*सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में 98% लक्ष्य हासिल*
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत जिले में तीसरे चरण तक 28,650 लाइटों का लक्ष्य रखा गया था, जिसके विरुद्ध 27,995 लाइटों का अधिष्ठापन पूरा कर लिया गया है। यानी 98 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति हो चुकी है। चौथे चरण में शेष 4,560 लाइटों का अधिष्ठापन किया जाएगा।
*पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में*
जिले के कुल 230 पंचायतों में से 78 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण पूरा कर उन्हें क्रियाशील कर दिया गया है। शेष पंचायतों में 50 भवन स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, 57 भवन भवन निर्माण विभाग और 15 भवन पंचायतों के माध्यम से बनाए जा रहे हैं, जो अंतिम चरण में हैं।
इसके अतिरिक्त 23 पंचायतों में भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर स्वीकृति के लिए विभाग को भेज दी गई है, वहीं 5 पंचायतों में भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है।
*गली-नाली योजना का लक्ष्य पूरा, अब शेष बसावटों तक पहुँचेगी सुविधा*
मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना (पार्ट-1) के तहत गली-नाली योजना का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों के आधार पर शेष बस्तियों को भी इस योजना से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
*कन्या विवाह मंडप योजना में भूमि चयन की प्रक्रिया जारी*
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के अंतर्गत सभी पंचायतों में भूमि चयन की कार्रवाई विभागीय निर्देशानुसार की जा रही है। इसके लिए अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
*मानदेय भुगतान और पंचायत सचिव स्थानांतरण पर अपडेट*
बैठक में बताया गया कि पंचायती राज प्रतिनिधियों का अप्रैल से अक्टूबर 2025 तक का मानदेय भुगतान हेतु आवंटन प्राप्त हो चुका है। अगले 1–2 दिनों में सभी जनप्रतिनिधियों के खाते में भुगतान कर दिया जाएगा। इसके साथ ही नवनियुक्त पंचायत सचिवों के अन्य जिलों में स्थानांतरण की प्रक्रिया भी विभागीय दिशा-निर्देश के तहत जारी है।
*जिला पदाधिकारी के निर्देश*
जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं और निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण स्तर पर विकास कार्यों का लाभ लोगों तक शीघ्र पहुँच सके।