जनता दरबार में जिलाधिकारी ने 13 आवेदकों की समस्याओं को सुना, कार्रवाई को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया निर्देश

नालंदा
जनादेश न्यूज नालंदा 
——————————–
          दैनिक जनता दरबार में जिलाधिकारी  शशांक शुभंकर ने आज 13 लोगों की समस्याओं को सुना तथा समस्याओं के निदान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निदेश दिया गया।
        एक आवेदक द्वारा रहुई के देकपुरा में जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने हेतु अनुरोध किया गया। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया।
     गिरियक के आदमपुर के 7 पर्चाधारियों को दखल कब्जा नहीं मिल पाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी गिरियक से दूरभाष पर बात कर नियमानुसार अविलम्ब कब्जा दिलाने का निदेश दिया।
    हरनौत के एक परिवादी पड़ोसी रैयत द्वारा सरकारी अमीन के माध्यम से कराये गए जमीन की मापी से असंतुष्ट होने की बात बताई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि एक ही जमीन की दो-दो बार सरकारी स्तर से मापी कराना उचित नहीं है। परिवादी को भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता के समक्ष अपील वाद दायर करने को कहा गया।
      कुछ मामलों की सुनवाई लोकशिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत सुनिश्चित करने हेतु जिला लोकशिकायत निवारण पदाधिकारी को निदेश दिया गया।
     अन्य आवेदनों को भी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को भेजते हुए समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।