गुरुनानकदेव के 553 वें प्रकाश पर्व उत्सव के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
आयोजन से सम्बंधित विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्था से संबंधित पदाधिकारियों को दिया आवश्यक दिशा निर्देश
—————————————
गुरुनानकदेव जी के पावन 553 वें प्रकाश पर्व उत्सव का आयोजन राजगीर के गुरुद्वारा श्री गुरुनानक शीतल कुंड में 3 से 5 नवंबर की अवधि में किया जा रहा है।
इस आयोजन में प्रवासी भारतीय श्रद्धालुओं/संगत के साथ साथ देश के विभिन्न राज्यों से संगत का आगमन होगा।
इस वृहद कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न कार्यों के लिए अलग अलग कोषांगों का गठन किया गया है।
आज जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने आरआईसीसी के मिनी ऑडिटोरियम में सभी कोषांगों के वरीय/नोडल पदाधिकारियों एवं आयोजक प्रतिनिधियों के साथ बैठक किया।
आने वाले श्रद्धलुओं/संगत के आवासन हेतु राजगीर के विभिन्न होटलों सहित गुरुद्वारा परिसर में नवनिर्मित गुरुनानक आवास में व्यवस्था की गई है।लंगर के लिए आने वाले सेवादारों के आवासन की व्यवस्था नगर परिषद राजगीर के सम्राट अशोक भवन में की गई है। सभी निर्धारित आवासन स्थलों पर हेल्प डेस्क बनाया जा रहा है।प्रत्येक आवासन स्थल पर एक वरीय पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। सभी आवासन स्थलों पर 24 घंटे तीन अलग-अलग पालियों में एक प्रशासनिक पदाधिकारी, एक चिकित्सीय पदाधिकारी एवं एक पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे। 
कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद राजगीर को सभी आवासन स्थल एवं आसपास नियमित रूप से फॉगिंग एवं एंटी लार्वा स्प्रे कराने का निर्देश दिया गया। आवासन स्थल एवं अन्य स्थलों पर अन्य भाषा के साथ-साथ पंजाबी में भी आवश्यक साइनेज प्रदर्शित किया जाएगा।
पटना होकर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बस की व्यवस्था परिवहन विभाग द्वारा की जा रही है। कुछ बसें पटना राजगीर के बीच 3 नवंबर से 5 नवंबर की अवधि में शटल सेवा के रूप में परिचालित कराई जाएगी। श्रद्धालुओं के आवासन स्थल से गुरुद्वारा श्री गुरु नानक शीतल कुंड तक आने जाने के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है जो निरंतर आवश्यकतानुसार परिचालित की जाएगी। बसों एवं ई रिक्शा के व्यवस्थित परिचालन के लिए अलग से परिवहन कोषांग गठित किया गया है, जिसके नोडल के रूप में जिला परिवहन पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है।
बड़े वाहनों के पार्किंग के लिए मेला सैरात मैदान तथा छोटे वाहनों एवं ई-रिक्शा के पार्किंग के लिए गुरुद्वारा के सामने पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। वाहनों के व्यवस्थित पार्किंग के लिए भी अलग से कोषांग गठित कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
सभी आवासन स्थल के पास एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम युक्त एक-एक एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगा। अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर में विशेष चिकित्सीय व्यवस्था की जा रही है। दो कार्डियोलॉजिस्ट की प्रतिनियुक्ति भी अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर में कराई जा रही है। इसके साथ ही भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी में भी अलग-अलग पालियों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया गया है।
आयोजन अवधि में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित रखने नगर परिषद राजगीर द्वारा 120 अतिरिक्त श्रमिकों की सेवा ली जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल का भ्रमण कर अन्य पदाधिकारियों तथा होटल संचालकों के साथ पूर्व से समन्वय स्थापित रखने का निर्देश दिया।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने गुरुद्वारा श्री गुरुनानक शीतल कुंड, गुरुद्वारा के सामने बने डीलक्स शौचालय, विभिन्न पार्किंग स्थल, सम्राट अशोक भवन आदि का स्थल निरीक्षण किया तथा ससमय समुचित व्यवस्था को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद राजगीर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, परिवहन विभाग के प्रतिनिधि पदाधिकारी, तख्त श्री हरमंदिर पटना साहिब गुरुद्वारा के प्रधान श्री जगजोत सिंह सोही एवं गुरुद्वारा प्रबंधन के अन्य प्रतिनिधि, विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर आदि उपस्थित थे।