गया : गया पुलिस ने एटीएम काटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुए हैं।
घटना 25 जनवरी की है, जब गया के डंगरा बाजार स्थित शिव मंदिर के पास एसबीआई के एटीएम को अज्ञात लोगों ने काटने का प्रयास किया था। इस मामले में मोहनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद छापेमारी कर 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए अपराधियों की पहचान अरुण कुमार, रंजीत पासवान, सोनु कुमार, संजय कुमार पालित, पवन कुमार, शिवन यादव, प्रमोद कुमार, कुशल यादव, दीपक कुमार, शिवनंदन विश्वकर्मा और रंजीत कुमार के रूप में हुई है। ये सभी गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि वे पहले भी कई एटीएम काट चुके हैं। पुलिस इनकी आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
इस कांड के सफल उदभेदन और गिरफ्तारी में शामिल पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल को पुरस्कृत किया जाएगा।