राशन कार्ड से वंचित लोगों ने राशन की मांग की

नवादा
जनादेश न्यूज़ नवादा
रजौली : प्रखंड क्षेत्र के रजौली पश्चिमी पंचायत अंतर्गत सती स्थान के राशन कार्ड से वंचित दर्जनों जरूरतमंद महिलाओं ने बीडीओ से राशन सामग्री दिलाने की मांग की है। जरूरतमंद महिलाओं ने बताया कि लगातार एक महीने से लॉक डाउन के कारण हमारे घर वाले कमाने नहीं जा पा रहे हैं। जिसके कारण राशन की कमी बहुत पहले से हो गई है।इस बीच एक बार समाजसेवियों के द्वारा राशन सामग्री मोहल्ले में आकर दी गई थी। जो एक से दो दिन मात्र चल सका था।जरूरतमंद महिला सोना देवी, शारदा देवी, बसंती देवी, संगीता देवी बेबी देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान हम लोगों के घर में राशन की काफी किल्लत है।रोजाना अपने परिवार के साथ भूखे पेट सोना पड़ता है। राशन कार्ड के लिए पूर्व में भी सभी लोग अप्लाई किए हुए हैं, परंतु अब तक राशन कार्ड बन कर नहीं आया है।स्थानीय डीलरों के द्वारा बिना राशन कार्ड की किसी भी तरह का मदद करने से इनकार किया जा रहा है। महिलाओं ने कहा घर में राशन की किल्लत शुरू हो गई है। जिसके कारण मजबूरन हम लोगों ने सरकारी सहायता प्रदान करने के लिए बीडीओ से गुहार लगायी है।लोगों ने यह कहा कि विगत 10 दिनों पूर्व स्थानीय विधायक प्रकाशवीर से भी गुहार लगायी थी। तो उस समय विधायक ने अधिकारियों से संवाद करके सती स्थान से सटे जगजीवन नगर में एक सामुदायिक भोजनालय का प्रबंध करने की बात कही गई थी, जोकि आज तक शुरू नहीं किया गया है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेमसागर मिश्र ने बताया कि गरीबों को राशन प्रदान करने हेतु राशन कार्ड बनाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जीविका कर्मी को निर्देश दी जाएगी कि वे लोग उस मोहल्ले में जाकर वहां के लोगों से आवेदन फॉर्म ले एवं जांच कर राशन कार्ड बनाने के लिए दें।जिससे जल्द से जल्द उन्हें राशन कार्ड मुहैया करा दी जाये। राशन कार्ड बन जाने के बाद उन लोगों को राशन दिया जाएगा। फिलहाल सरकार के निर्देश के अनुसार राशन वितरण किया जा रहा है।