रजौली : कोरोना महामारी से युद्धस्तर पर निपटने को लेकर बिहार सरकार द्वारा सोमवार से टीकाकरण महाअभियान की शुरुआत कर दी गई है।एसडीओ चन्द्रशेखर आजाद ने टीकाकरण महाअभियान के पहले दिन वैक्सिनेशन सेंटरों की जांच कर एएनएम द्वारा किए जा रहे वैक्सीनेशन कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान एसडीओ ने रजौली संगत परिसर, रजौली इंटर विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय करमाकला आदि केन्द्रों पर चल वैक्सीनेशन कार्यों को देखा। जांच के दौरान एसडीओ ने वैक्सिनेशन सेंटर पर वैक्सीन लेने आए लोगों से अपील की कि वे लोग यहां से वैक्सीन लेकर जाने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों, मित्रों आसपास के लोगों को भी कोरोना की वैक्सीन लेने के प्रति जागरूक करें ताकि 18 वर्ष से उपर के हर वर्ग के लोग कोरोना वैक्सीन लेकर खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। कोरोना वैक्सीन को लेकर बीडीओ प्रेम सागर मिश्र द्वारा प्रचार-प्रसार कराए जाने व आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में जाकर कोरोना की वैक्सीन लेने के प्रति अपील करने के बाद वैक्सिनेशन सेन्टरों पर वैक्सीन लेने के लिए काफी लोग पहुंचे। लेकिन वैक्सीन का वायल कम रहने के कारण सभी लोगों को वैक्सीन नहीं मिल सकी। जिसके कारण कई लोग वापस लौट गए। रजौली इंटर विद्यालय स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीनेशन कर रही एएनएम ने बताया कि उन्हें कोरोना वैक्सीन की केवल पांच वायल मिली थी। जिसके कारण लोगों की संख्या ज्यादा होने पर वायल कम पड़ गई थी। जांच के दौरान एसडीओ चंद्रशेखर आजाद ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ बी एन चौधरी को हर वैक्सीनेशन सेंटर पर पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन केंद्र पर आने वाले कोई भी व्यक्ति चाहे वह 18 वर्ष से ऊपर के हो या 45 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों का हर हाल में वैक्सिनेशन करना है। कोई भी व्यक्ति बिना वैक्सीन लिए वापस ना लौटे, इस पर पूरी नजर बनाए रखें। एसडीओ के निर्देश के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि मंगलवार से वैक्सीनेशन सेन्टरों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध रहेगी और हर लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। जांच के दौरान एसडीओ ने कोरोना वैक्सीन लेने आए सभी लोगों से चेहरे पर मास्क लगाकर रखने एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि ‘2 गज दूरी-मास्क जरूरी’ के नियमों का पालन करें ताकि लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से बच सकें। जांच के मौके पीएचसी के प्रभारी स्वास्थ्य प्रबंधक सुदर्शन कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अवधेश यादव, प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार निराला, आंगनबाड़ी सेविका पुष्पा कुमारी, कुंती अग्रवाल, पल्लवी कुमारी आदि उपस्थित थे।