कुंदन कुमार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी – सह – जिला पदाधिकारी, नालन्दा द्वारा बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु अनुमंडल पदाधिकारी बिहारशरीफ/राजगीर / हिलसा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी -01 एवं 02/ राजगीर/हिलसा -01 एवं 02 को को निर्देशित किया गया है कि
आसन्न विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपादन हेतु जिले भर में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके कठोर अनुपालन तथा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से जिला में चुनाव संपन्न कराने हेतु समय-समय पर कई निर्देश निर्देश दिए गए हैं। हाल के दिनों में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन एवं प्रतिद्वंद्वी दलों के प्रत्याशी के बीच हिंसात्मक घटनाओं के कुछ दृष्टांत सामने आए है। आसन्न विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपादन हेतु निर्देश जो निम्नवत हैः-
1. यह सुनिश्चित किया जाए कि विभिन्न प्रत्याशियों द्वारा निकाले जा रहे चुनाव प्रचार जूलूसों में वाहन एवं व्यक्तियों की संख्या निर्धारित से अधिक न हो। उक्त निदेश के उल्लंघन की स्थिति में त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
2. यह भी सुनिश्चित किया जाए कि चुनाव प्रचार काफिले में शामिल समर्थकों के पास किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र न हो।
3. प्रत्येक थाना क्षेत्र में गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों के विरूद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता में सुसंगत प्रावधानों के अन्तर्गत निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
4. प्रत्येक चेक नाका पर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाशी 24×7 सुनिश्चित की जाए एवं सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में अवैध अग्नेयास्त्रों, नकदी एवं मादक पदार्थों की आवाजाही संभव न हो।
5. सभी शस्त्रों का शतप्रतिशत सत्यापन एवं थाना के निकटतम शस्त्र दुकान में जमा कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। जिन अनुज्ञप्तिधारियों को इससे छूट प्रदान किया जाना है, उन पर जिला स्तरीय समिति के स्तर से विधिसम्मत अनुशंसा प्राप्त कर छूट प्रदान किया जाए।
6. उपलब्ध केन्द्रीय सशस्त्र बलों एवं बिहार पुलिस बल का प्रभावी उपयोग करते हुए सभी थाना क्षेत्रों में निरन्तर Area Domination Exercise आयोजित कराये जाएँ। इस प्रक्रिया में थानाध्यक्ष एवं अन्य वरीय पदाधिकारी भी आवश्य शामिल हो।
7. चुनाव प्रक्रिया के संदर्भ में विधि-व्यवस्था से संबंधित किसी भी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त होते ही क्षेत्र में तत्क्षण घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति पर त्वरित नियंत्रण सुनिश्चित करें। घटना की सूचना पुलिस मुख्यालय को तुरन्त उपलब्ध करायी जाए।
8. सभी लंबित गैर जमानतीय वारंटो का तामिला सघन अभियान के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए।
निर्देशित किया जाता है कि अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए स्वयं पर्यवेक्षण करना सुनिश्चित करेंगे ।