शेखपुरा।दोपहर में हुई बारिश ने पुलिस और प्रशासन को लाकडाउन के अनुपालन में काफी मदद पहुंचाई। बारिश के कारण बड़ी कम संख्या में लोग रविवार को घरों से निकले। रविवार के कारण सरकारी कार्यालय और बैंक बंद रहने के कारण भी लोगों की भीड़ बाजार क्षेत्र में नहीं देखी गई। लॉक डाउन के दौरान सर्वाधिक भीड़ बैंकों से रुपया निकालने वालों की है। जिसमें महिलाओं की संख्या कुछ ज्यादा ही है। इस बीच दोपहर को हो रही बारिश के कारण पुलिस को भी कम मेहनत करनी पड़ी। पुलिस आसपास के बनाए गए शेडमें वर्षा के दौरान दुबकी रही। वर्षा के कारण सड़कों पर पूरी तरह बिरानी रही। बाजारों में दुकानें खुली रही. दुकानों में ग्राहक नहीं देखे जा रहे थे। बारिश के बाद अपराहन में कई लोग सब्जी, दवा आदि आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए घरों से निकले। सड़कों पर और बाजार क्षेत्र में वाहनों का परिचालन भी नहीं के बराबर देखा गया। लॉक डाउन के अनुपालन में मौसम का बहुत बड़ा हाथ देखा जा रहा है। तापमान में कमी आने के कारण लोग घरों में ही रहकर टीवी और मोबाइल से खेलते रहे।