नालंदा : बिहारशरीफ ग्रामीण प्रमंडल के कल्याण बीगहा गांव में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच नुक्कड़ नाटक ‘लगे स्मार्ट, लगाये स्मार्ट’ के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही आउटरीच कार्यक्रम के तहत स्मार्ट प्रीपेड मीटर की खूबियों के बारे में उपभोक्ताओं को विस्तार से जानकारी दी गई। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर उनके मन में उठने वाली तमाम शंकाओं का समाधान किया गया और उन्हें समझाया गया कि कैसे स्मार्ट प्रीपेड मीटर उनके लिए हर लिहाज से फायदेमंद और जरूरी है।
बूंदाबांदी के बावजूद नुक्कड़ नाटक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी काफी उत्साहजनक रही। ग्रामीण दर्शक नाटक का तो लुत्फ उठा ही रहे थे, साथ ही नाटक के द्वारा दिए जा रहे संदेशों को भी अच्छी तरह से समझ रहे थे। जिस हास्य-व्यंग्य वाले अंदाज में नाटक को पेश किया जा रहा था, उससे दर्शक गुदगुदा भी रहे थे। बड़ी संख्या में मौजूद बच्चे हंस-हंस कर लोटपोट हो रहे थे।
नाटक के जरिए उपभोक्ताओं को बताया गया कि कैसे स्मार्ट प्रीपेड मीटर पुराने मीटर की तुलना में सहज है। बिजली बिल जमा करने के लिए बिजली ऑफिस का चक्कर लगाना अब जरूरी नहीं है। घर बैठे ही अपने मोबाइल फोन के जरिए आसानी से स्मार्ट प्रीपेड मीटर को रिचार्ज कर सकते हैं। 2000 रुपए की एकमुश्त राशि के साथ एक निश्चित अवधि के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर रिचार्ज करा कर आप अपनी जमा की गई राशि पर ब्याज दर भी हासिल कर सकते हैं। इतना ही नहीं, स्मार्ट प्रीपेड मीटर में प्रतिदिन के हिसाब से बिजली खपत को भी देख सकते हैं और इसके अनुसार उपभोक्ता बिजली खपत को नियंत्रित करने की योजना बना सकते हैं।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर आम उपभोक्ताओं के मन में कई तरह की भ्रांतियां भी थीं। आउटरीच कार्यक्रम के दौरान सवाल-जवाब के जरिए उपभोक्ताओं के मन में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर रहने वाली तमाम शंकाओं का भी समाधान किया गया।
अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार, कार्यपालक अभियंता रूपक कुमार और अन्य अधिकारियों ने उपभोक्ताओं द्वारा पूछे गए हर सवाल का सटीक जवाब दिया और साथ ही अनुरोध किया कि उनके मन में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर के किसी तरह की भी आशंका कभी भी आए तो बेझिझक संपर्क कर सकते हैं।
अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार ने कहा स्मार्ट प्रीपेड मीटर को अपने घर के बाहर लगवाएं। कोशिश करें कि बैलेंस खत्म होने के पहले ही रिचार्ज करा लें। स्मार्ट प्रीपेड मीटर में रीडिंग की गड़बड़ी बिल्कुल नहीं है। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को कहीं से भी रिचार्ज कर सकते हैं सिर्फ आपको अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालना होगा। प्रतिदिन के हिसाब से आप अपना बैलेंस भी चेक कर सकते हैं।
बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के सीनियर प्रोटोकॉल अधिकारी ख्वाजा जमाल ने कहा कि धीरे-धीरे उपभोक्ता भी इस बात को समझने लगे हैं कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर उनके लिए क्यों जरूरी है। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर अभी भी निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के मन में किसी तरह की शंका न रहे इसके लिए कई स्तर पर सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाना हर उपभोक्ता के लिए अनिवार्य है। किसी कारणवश यदि किसी उपभोक्ता के घर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर नहीं रहेगा तो वह बिलिंग प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे, और उनका कनेक्शन अवैध कर दिया जाएगा।
बिहारशरीफ अंचल के विद्युत अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार,बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के सीनियर प्रोटोकॉल ऑफिसर ख्वाजा जमाल,कार्यपालक अभियंता श्री रूपक कुमार और एजेंसी इन्टेलिस्मार्ट के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नुक्कड़ नाटक ‘लगे स्मार्ट, लगाये स्मार्ट’ की पूरी टीम ने अपने शानदार अभिनय और संवाद अदायगी से न केवल दर्शकों को बांधे रखा बल्कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर की खूबियों से भी उन्हें अवगत कराया।
इस अवसर पर बराह पंचायत के मुखिया कमलेश कुमार पिंटू, अवधेश सिंह, हरनौत नगर पंचायत के उपमुख पार्षद प्रतिनिधि सुरेश सिंह और अन्य कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार, कार्यपालक अभियंता रूपक कुमार और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।