डीईओ के आदेश के बावजूद बीईओ ने प्रधानाध्यापक के विरुद्ध नहीं दर्ज करवाई प्राथमिकी

नवादा

जनादेश न्यूज़ नेटवर्क

रजौली (नवादा) अनुमण्डल क्षेत्र के अकबरपुर प्रखण्ड अंतर्गत गोपालपुर स्थित इंटर विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक अविनाश कुमार पर विद्यालय के रिकार्ड गायब करने एवं गबन करने के चलते जिला शिक्षा पदाधिकारी नवादा द्वारा प्राथमिक की दर्ज करने के आदेश के बावजूद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अकबरपुर के द्वारा अब तक प्राथमिक की दर्ज नहीं किया गया,जिसका खुलासा आरटीआई के द्वारा हुआ।आरटीआई एक्टीवेटर बिंदा प्रसाद निराला के द्वारा इसी वर्ष के 4 जून को शिवदानी अयोध्या इंटर विद्यालय गोपालपुर के वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 की विकास राशि एवं छात्र कोष की राशि का रिकॉर्ड की मांग की गई थी।मांगी गई सूचना का अधिकार पर वर्तमान प्रधानाध्यापक राजीव रंजन कुमार के द्वारा अपने पत्रांक संख्या 53 द्वारा 6 जुलाई 2024 को उन्होंने साफ लिखित जवाब दिए की पूर्व के प्रधानाध्यापक अविनाश कुमार के द्वारा विद्यालय के विकास से संबंधित एवं किसी भी प्रकार का रिकॉर्ड उन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया है।इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी नवादा का ज्ञापन संख्या 1796 द्वारा पूर्व प्रधानाध्यापक अविनाश कुमार के ऊपर प्राथमिक की दर्ज करने का आदेश प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रखंड अकबरपुर को दिया जा चुका था।लेकिन दो महीना का समय बीत जाने के बावजूद अब तक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अकबरपुर के द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं करवाया गया है।ततपश्चात बिन्दा प्रसाद निराला ने आरटीआई का उपयोग करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रखंड अकबरपुर से दर्ज किए गए प्राथमिकी का अभिप्रमाणित प्रति की मांग कर दी एवं आरटीआई के तहत पूछा गया कि यदि प्राथमिक की दर्ज नहीं कराया गया है,तो कारण बताया जाए।उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अकबरपुर,जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना कर भ्रष्टाचारी प्रधानाध्यापक को बचाना चाह रहे हैं।