3 एवं 4 अप्रैल को होगा कुण्डलपुर महोत्सव का आयोजन,आयोजन पूर्व तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

नालंदा
 जनादेश न्यूज नालंदा 
—————————————
महावीर जयंती के पावन अवसर पर दो दिवसीय कुंडलपुर महोत्सव का आयोजन 3 एवं 4 अप्रैल को किया जाएगा।
 इस महोत्सव का आयोजन पर्यटन विभाग, बिहार के सौजन्य से जिला प्रशासन नालंदा एवं कुंडलपुर दिगंबर जैन समिति के सहयोग से किया जाएगा।
महोत्सव का उद्घाटन 3 अप्रैल को निर्धारित समय पर किया जाएगा।
3 अप्रैल को प्रातः में शोभा यात्रा निकाली जाएगी। भगवान महावीर की प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक मुख्यमंदिर, ऋषभ मंदिर एवं नवग्रह जैन मंदिर में किया जाएगा। संध्या में महोत्सव का उद्घाटन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
दूसरे दिन 4 अप्रैल को प्रातः नित्य अभिषेक पूजन, विश्वशांति महावीर मंडल विधान जैसे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धालुओं द्वारा किया जाएगा। संध्या में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के अवसर पर स्कूली बच्चों के बीच रंगोली, चित्रकला, पेंटिंग, मेहंदी आदि प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के आयोजन पूर्व तैयारी को लेकर जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने आज संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक किया।
उन्होंने कहा कि महोत्सव का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। 
आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एवं अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति का गठन किया गया।
महोत्सव से संबंधित विभिन्न कार्यों के ससमय क्रियान्वयन हेतु 16 अलग-अलग कोषांगों का गठन किया गया। जिनमें मुख्य रूप से कार्यक्रम स्थल की पूर्व तैयारी, मंच निर्माण एवं साज-सज्जा, नि:शुल्क चिकित्सा शिविर सह हेल्थ चेकअप कैंप, पेयजल एवं अस्थाई शौचालय, आमंत्रण पत्र छपाई, आमंत्रण पत्र वितरण, प्रचार प्रसार, उद्घाटन एवं समापन, सीटिंग प्लान, कलाकार चयन एवं आतिथ्य, साफ सफाई, विधि व्यवस्था आदि कोषांगों का गठन किया गया।
महोत्सव के आयोजन हेतु मंच निर्माण साज सज्जा कलाकार आदि से संबंधित कार्यों को इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के माध्यम से कराया जाएगा। इवेंट मैनेजमेंट कंपनी का चयन निविदा के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में मलमास मेला के लिए गठित निविदा समिति को इस महोत्सव से संबंधित निविदा कार्य का भी दायित्व दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजगीर, कुण्डलपुर दिगम्बर जैन समिति के प्रतिनिधि आर डी शुक्ला,नजारत उप समाहर्ता, सामान्य शाखा प्रभारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पीएचइडी, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद राजगीर/सिलाव, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सिलाव, अंचलाधिकारी सिलाव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।