15 नवंबर को समाहरणालय के सामने किया जाएगा जोरदार धरना प्रदर्शन – हरेंद्र सिंह

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
जमुई(उपेन्द्र तिवारी ) : 15 नवंबर को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा जमुई समाहरणालय के सामने जोरदार धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह ने एक प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया को दी। कांग्रेस भवन में आयोजित इस प्रेस कांफ्रेंस में श्री सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस और बिहार प्रदेश कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार की विफलताओं के विरुद्ध सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित करने हेतु कार्यक्रम तय किया गया है। इन कार्यक्रमों की सफलता के लिए बिहार प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष समीर कुमार सिंह द्वारा डॉ कमल देव नारायण शुक्ला और राजछविराज को जमुई का प्रभारी नियुक्त किया गया है। दोनों ही नेताओं के नेतृत्व में कांग्रेस की ओर से 15 नवंबर तक लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 8 और 10 नवंबर को आर्थिक मंदी और सरकार की नीतियों के विरोध में नुक्कड़ सभाएं होंगी। 11 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम से शहीद स्मारक विधानसभा के सामने तक पैदल मार्च होगा। इस मार्च में जमुई जिले से लगभग 500 कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके बाद 13 नवंबर को किसानों की समस्याओं को लेकर चौपाल का आयोजन किया जाएगा। तथा 15 नवंबर को समाहरणालय के सामने हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के द्वारा जोरदार धरना प्रदर्शन किया जाएगा। तत्पश्चात जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इन तमाम कार्यक्रमों की सफलता के लिए तैयारी जोरों पर और अन्तिम चरण में है। इसके लिए सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता जीजान से लगे हुए हैं।