वैज्ञानिक तरीके से खेती करें किसान-प्रमुख हेमा देवी,प्रखंड स्तरीय रबी जागरूकता महाअभियान का आयोजन

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
चकाई(श्याम सिंह तोमर) : चकाई प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन सभागार में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय रबी जागरूकता महाअभियान का आयोजन किया गया. जिसकी अध्यक्षता चकाई प्रखंड प्रमुख हेमा देवी ने की. शिविर का विधिवत उदघाटन प्रमुख हेमा देवी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई.
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख हेमा देवी ने किसानों से कहा कि बिहार सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं.बेहतर खेती के लिए किसानों को अनुदानित दर पर चना, मक्का का बीज व अन्य सुविधाएं स्थानीय कृषि  विभाग द्वारा दी जा रही हैं. उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह किसानों को दिया एवं बदलते परिवेश में किसानों को सजग रहने को कहा. प्रमुख ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक का प्रयोग कर खेती को लाभप्रद बनाया जा सकता है. इससे कृषि की बेहतर उत्पादकता बरकरार रहती है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चकाई प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि किसानों को उन्नत तरीके से खेती करने का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था है. किसानों को कम लागत पर अधिक से अधिक मुनाफा कमाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से रबी फसल की खेती के बारे में जानकारी दी. कार्यशाला में भूमि संरक्षण, उद्यान, आत्मा, पौधा संरक्षण, रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती आदि के बारे में विस्तृत जानकारी किसानों को दी गयी.मोके पर नोडल अधिकारी रंजीत कुमार पासवान ,तकनीकी प्रबंधक ऋतुराज , किसान सलाहकार हिमांशु शेखर, कमल नयन, विनोद कुमार दास ,
सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक , सहित सेंकड़ों किसान उपस्थित थे.