लोजपा कुछेक लोगों की पार्टी बनकर रह गई है – बिन्दु कुमार कश्यप

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
जमुई( शाक्ति प्रसाद शर्मा ) : वर्तमान समय में लोजपा कुछेक लोगों की पार्टी बनकर रह गई है। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लोजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र देने की जानकारी देते हुए इस प्रकार का आरोप बिन्दु कुमार कश्यप ने पार्टी पर लगाया है। श्री कश्यप ने विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि अब लोजपा में जमीनी कार्यकर्ताओं की कोई पूछ नहीं रह गई है। समर्पित कार्यकर्ताओं को कोई सम्मान नहीं मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्टी में केवल चापलूस किस्म के लोगों की बात सुनी जाती है। उनके अनुसार जब भी किसी प्रकार की जन समस्या से आलाकमान को अवगत कराया जाता है, तो केवल आश्वासन का पत्र मिल जाता है। जन समस्याओं पर कभी ध्यान नहीं दिया जाता। श्री कश्यप के शब्दों में जब वे जन समस्याओं को लेकर लोजपा प्रधान कार्यालय दिल्ली गए तो वहाँ भी सांसद से उन्हें नहीं मिलने दिया गया और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा जबकि सांसद चिराग पासवान दिल्ली में ही थे। जब इस संबंध में सांसद के खास आदमी शौरभ पाण्डेय से बात की गई तो उन्होंने उल्टे उन्हें ही झिड़की लगा दी। इसी प्रकार जब फोन पर सांसद से बात करने का प्रयास किया जाता है तो उनका फोन रिसीव ही नहीं होता है। श्री कश्यप ने अपने पत्र में यह भी जानकारी साझा की है कि उनके साथ प्रखंड युवा अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, प्रखंड युवा उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार गुप्ता, प्रखंड अतिपिछड़ा सचिव उमेश कुमार, अतिपिछड़ा मीडिया प्रभारी शक्ति प्रसाद शर्मा, अतिपिछड़ा प्रखंड उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद शर्मा सहित इक्कीस कार्यकर्ता लोजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ रहे हैं।