भव्य शोभायात्रा के साथ माँ काली और लक्ष्मी की विदाई, सुरक्षा की थी चाक चौबंद व्यवस्था

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
जमुई 🙁 उपेन्द्र तिवारी) : बुधवार को माँ काली और माँ लक्ष्मी को भव्य शोभायात्रा के साथ विदाई दी गई। इस शोभायात्रा में कई वाहनों पर माँ काली के विभिन्न रूपों के साथ माँ लक्ष्मी, माँ सरस्वती, गणेश जी आदि की प्रतिमाएं लोगों को लगातार अपनी ओर आकर्षित कर रही थीं। महाराजगंज स्थित काली मंदिर और लाल बाबा के मंदिर से एक साथ शोभायात्रा दिन में लगभग बारह बजे निकाली गई जो शहर के विभिन्न सड़कों से गुजरते हुए वोधवन तालाब पहुंची। रास्ते में प्रशासन की ओर से सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। जमुई थानाध्यक्ष राजेश शरण स्वयं दलबल के साथ शोभायात्रा में मुस्तैद दिखे। शोभायात्रा में दर्जनों ढोल नगाड़ों की धुन पर झूमते हुए युवा इसकी शोभा बढ़ाते दिखे। महाराजगंज स्थित काली मंदिर से निकली शोभायात्रा की प्रतिमाओं का विसर्जन गन्दपे के पास कबैया तालाब में किया गया। जबकि लालबाबा के मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं का वोधवन तलाब में विसर्जन किया गया। विदित हो कि वोधवन तलाब तक दोनों ही मंदिरों की प्रतिमाओं की शोभायात्रा साथ साथ निकलती है। इसके बाद काली मंदिर की प्रतिमा की शोभायात्रा आगे बढ़ जाती है जबकि लालबाबा के मंदिर की प्रतिमाओं का वोधवन तलाब में ही विसर्जन होता है।