बैठक में कलेक्ट्रेट पहुंचे विधायक की अचानक बिगड़ गई तबीयत

नालंदा

जनादेश न्यूज़ नेटवर्क

बिहार शरीफ : नालंदा जिला मुख्यालय बिहार शरीफ स्थित कलेक्ट्रेट में हरनौत विधानसभा से जदयू के विधायक हरि नारायण सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. दरअसल नालंदा जिलाधिकारी की ओर से सभी विभागों की समीक्षात्मक बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई थी और बैठक में शामिल होने के लिए हरनौत विधानसभा के विधायक हरिनारायण सिंह पहुंचे और कलेक्ट्रेट के हाल में पहुंचते ही हरिनारायण सिंह लड़खड़ाकर गिर पड़े.

समीक्षात्मक बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे विधायक की तबीयत बिगड़ने के बाद बैठक को रद्द कर दिया गया.

विधायक की तबीयत बिगड़ने की खबर जैसे ही जदयू कार्यकर्ताओं को लगी तत्पश्चात जदयू के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचकर अपने विधायक का हाल-चाल जानने के लिए जुट गए जबकि नालंदा सिविल सर्जन और जिलाधिकारी समेत तमाम आलाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे.

नालंदा जिला अधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि चक्कर आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है और मीटिंग को अगले दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है.