बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने आज बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर बैठक की।
बताया गया कि जिला के सभी 20 प्रखंडों में वर्षा मापक यंत्र कार्यरत हैं। 1 जून से नियमित रूप से वर्षापात से संबंधित आंकड़े सभी प्रखंडों द्वारा भेजा जा रहा है।
सभी बाढ़ प्रवन प्रखंडों में बाढ़ से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों में पंचायत, गांव एवं व्यक्ति समूह की पहचान विगत वर्ष के अनुभवों के आधार पर सुनिश्चित करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिया गया। इन क्षेत्रों में उपयुक्त एवं सुरक्षित आश्रय स्थलों को चिन्हित कर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश भी सभी अंचल अधिकारियों को दिया गया।
बाढ़ आपदा से निपटने के लिए जिला में उपलब्ध संसाधनों- नाव, मोटर बोट, पॉलीथिन शीट, लाइफ जैकेट, महाजाल, टेंट आदि का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी अंचलों को दिया गया। अद्यतन स्थिति के अनुसार नाव, मोटर बोट आदि की आवश्यक मरम्मती अविलंब सुनिश्चित कराने को कहा गया।
जिला में पूर्व से प्रशिक्षण प्राप्त गोताखोरों की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्धता का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अलग से गोताखोरी के लिए योग्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके प्रशिक्षण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला के सभी बांधों एवं तटबंधों का संबंधित अंचलाधिकारी एवं बाढ़ नियंत्रण के अभियंता द्वारा संयुक्त निरीक्षण सुनिश्चित कर फोटोग्राफ के साथ प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों के माध्यम से भी बांध एवं तटबंध की स्थिति का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। विगत वर्ष के बाढ़ में जिला में जहां-जहां तटबंध/ बांध क्षतिग्रस्त हुए थे, उसकी मरम्मती के लिए कराए गए कार्य की अद्यतन स्थिति के साथ सूची उपलब्ध कराने का निर्देश बाढ़ नियंत्रण के कार्यपालक अभियंताओं को दिया गया। इस सूची के आधार पर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों के स्तर से कार्यों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जायेगा।
जिला के विभिन्न बालू उत्खनन के स्थलों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इस सूची के अनुसार बाढ़ नियंत्रण के अभियंताओं द्वारा सभी संबंधित स्थलों की जांच कराई जाएगी।
बाढ़ आपदा प्रबंधन के लिए खाद्य सामग्रियों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के दर एवं आपूर्तिकर्ता के निर्धारण के लिए निविदा के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।
पशु चारा के दर एवं आपूर्तिकर्ता के निर्धारण के लिए भी जिला पशुपालन पदाधिकारी के स्तर से निविदा के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।
बाढ़ आपदा के समय में आवश्यक मानव दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया।
जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशु दवा एवं पशु चारा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
बाढ़ आपदा प्रबंधन के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर टास्क फोर्स का गठन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन शाखा के प्रभारी-सह- निदेशक डीआरडीए, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण /पथ निर्माण/ ग्रामीण कार्य विभाग/ पीएचइडी, प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी, अंचलाधिकारी , मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।