परिसदन में लोजपा कार्यकर्ताओं ने किया चिराग पासवान का भव्य स्वागत

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
जमुई( उपेन्द्र तिवारी ) : सोमवार को जमुई परिसदन में लोजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान का शानदार स्वागत किया। विदित हो कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद चिराग पासवान का जमुई में पहला दौरा है। उनके जमुई पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। साथ ही उनके गुणगान में जमकर नारेबाजी की। श्री पासवान के जमुई पहुंचने के बाद लोजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ एनडीए नेताओं ने भी सांसद चिराग पासवान के स्वागत समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर श्री पासवान ने कहा कि लोजपा सबसे युवा पार्टी है। इसके प्रदेश अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा हैं। साथ ही इसके छः सांसदों में तीन युवा हैं। राज्य की गिरती विधि व्यवस्था पर उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए इसमें जल्द सुधार की उम्मीद की। पार्टी की प्रमुखता की बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी और संगठन की मजबूती हमारा पहला लक्ष्य है। इसके लिए आवश्यकता हुई तो कठोर निर्णय भी लिये जा सकते हैं। झारखंड में चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग ने कहा कि यदि भाजपा से सम्मान जनक समझौता हो गया तो साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे अन्यथा वहाँ अपने दम पर ही चुनाव में उतरेंगे।