नीतीश सरकार के खिलाफ गलत लिखने पर होगी जेल, सर्कुलर जारी

बिहार
जनादेश न्यूज़ बिहार
बिहार सरकार ने सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना को साइबर अपराध बताया है। एक बड़ा फैसला लेते हुए बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने राज्य पुलिस के आर्थिक अपराध शाखा को राज्य सरकार, किसी भी मंत्री या मुख्यमंत्री के बारे में आपत्तिजनक और अपमानजनक सोशल मीडिया पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया है। ऐसा तब किया गया है जब बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लोकर नीतीश कुमार की आलोचना हो रही है।
द इकोनॉमिक ऑफेंस विंग के आईजी नैयर हसनैन खान ने राज्य सरकार के सभी सचिवों को लिखे पत्र में कहा कि कोई भी व्यक्ति और संगठन सोशल मीडिया पर सरकार, सम्मानित मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और सरकारी अधिकारियों के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणी करेंगे, तो उन्हें सजा दी जाएगी।
आईजी खान ने पत्र में लिखा है, “यह पता चला है कि कुछ व्यक्ति और संगठन सोशल मीडिया पर सरकार, सम्मानित मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और सरकारी अधिकारियों के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं।”
बता दें, बिहार में लगातार कानून व्यवस्था लचर होती जा रही है। हाल ही में पटना हवाई अड्डे पर इंडिगो एयरलाइंस के एयरपोर्ट मैनेजर रूपेश कुमार सिंह की अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसको लेकर नीतीश कुमार ने बेतुका बयान भी दिया था। उन्होंने कहा था कि, ‘हत्यारे बताकर हत्या नहीं करते।’
वहीं राज्य में विपक्ष लगातार नीतीश कुमार को घेर रहे हैं। RJD नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि ‘बिहार में महाजंगल राज है। यहां दिनदहाड़े हत्या की जा रही है।’ तेजस्वी ने कहा था कि, ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाथ उठा अपराधियों के सामने किया सरेंडर। कहा, “कोई नहीं रोक सकता अपराध!” हड़प्पा काल में भी होते थे अपराध। ज़रा तुलना कर लीजिए। उल्टा पत्रकारों से पूछ रहे है क्या आपको पता है कौन है अपराधी और वो क्यों करते है अपराध?’