कोविड प्रबंधन को लेकर DM ने विभिन्न कोषांगों के साथ की बैठक

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
—————————————
कोविड प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी  शशांक शुभंकर ने आज होम आइसोलेशन कोषांग, कांटेक्ट ट्रेसिंग कोषांग, सैनिटाइजेशन कोषांग तथा ऑक्सीजन आपूर्ति कोषांग के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
जिन इलाकों में कोविड के पॉजिटिव मामले पाए जा रहे हैं, वहां प्राथमिकता से सैनिटाइजेशन कराने को कहा गया। अन्य सार्वजनिक स्थलों का भी नियमित रूप से सैनिटाइजेशन कराने का निर्देश दिया गया।
सभी डीसीएचसी में ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है। ऑक्सीजन सिलेंडर के माध्यम से भी ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति के लिए उत्पादक एवं वितरकों के साथ भी बैठक भी की गई है। जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति हेतु तैयार कार्य योजना के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों से हर दूसरे दिन मेडिकल टीम के माध्यम से होम विजिट द्वारा संपर्क करने को कहा गया। इस दौरान उनका तापमान एवं ऑक्सीजन लेवल को भी दर्ज करने का निर्देश दिया गया। निजी अस्पतालों को भी कोविड हेल्थ केयर के लिए निबंधित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इसके लिए विभागीय निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।
बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, डीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे