उर्मिला देवी प्रमुख और मीरा देवी उप प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित।

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
बरहट (धीरज कुमार सिंह ) :
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बरहट प्रखंड के संवाद कक्ष में प्रखंड प्रमुख एवं उप प्रमुख की चुनाव प्रक्रिया दिन के 12:00 बजे शुरू की गई। पूरी प्रक्रिया का निष्पादन जमुई एसडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी लखेन्द्र पासवान , सहायक निर्वाचन पदाधिकारी अतुल प्रसाद तथा अब्जर्वर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी प्रतिभा कुमारी की देखरेख में करायी गयी । तय समय पर संपन्न इस चुनाव में 11 सदस्यीय पंसस में से 10 सदस्यों ने प्रमुख के चुनाव में हिस्सा लिया। मलयपुर पूर्वी भाग के पंसस रीता देवी ने निजी कारणों से इस चुनाव में भाग नहीं लिया है। उपस्थित पंचायत समिति सदस्यों में से बरहट उत्तरी भाग पंचायत समिति सदस्य उर्मिला देवी पति रमेश हेम्ब्रम ने प्रमुख पद के लिए अपनी उम्मीदवारी दायर की। इनके विरुद्ध एक भी पंस सदस्य ने प्रमुख पद के लिए दावेदारी नहीं की। इस प्रकार उर्मिला देवी प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुईं। दूसरी ओर उप प्रमुख पद के चुनाव में तय समय सीमा के भीतर केवल कटौना के पंसस मीरा देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उप प्रमुख पद पर किसी अन्य सदस्य के चुनाव में नहीं उतरने के कारण मीरा देवी पति संजय सिंह को भी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इस चुनाव में पूर्व प्रमुख सह लोजपा के जिला अध्यक्ष रूबेन कुमार सिंह उर्फ बुल्ली सिंह एवं पूर्व उप प्रमुख सुरेन्द्र तांती ने अहम भूमिका निभाई। इस संबंध में निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडलाधिकारी लखेन्द्र पासवान ,सहायक निर्वाचन पदाधिकारी अतुल प्रसाद एवं अब्जर्वर प्रतिभा कुमारी ने संयुक्त रूप से बरहट प्रमुख पद पर उर्मिला देवी और उप प्रमुख पद पर मीरा देवी को निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की। दोनों निर्वाचित सदस्यों को एसडीओ लखेन्द्र पासवान ने निर्वाचित होने का प्रमाण-पत्र सौंपा। इसके बाद सभी सदस्यों एवं समर्थकों ने प्रमुख उर्मिला देवी और उप प्रमुख मीरा देवी को फूल माला व अबीर-गुलाल से भर कर खुशियां मनायीं। इस चुनाव प्रक्रिया में बरहट प्रखंड विकास पदाधिकारी अजेश कुमार, अंचलाधिकारी रंधीर प्रसाद, थानाध्यक्ष अब्दुल हलीम दल बल के साथ उपस्थित थे।