जमुई (उपेंद्र तिवारी) : शहर के प्रतिष्ठित विद्यालयों में शुमार सैनिक पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं और भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 115वीं जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संस्थापक सुनील कुमार सिंह , प्राचार्य जयप्रकाश सिंह और विद्यालय के शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात विद्यालय के संस्थापक सुनील कुमार सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधीजी एक विचार हैं। वे केवल देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी एक विचार के रूप में जाने जाते हैं। उनका मुख्य अस्त्र अहिंसा था। इसके बल पर उन्होंने अंग्रेजों के जुल्म की धार को भी कुंद कर दिया था। उनके इसी अस्त्र सामने अंग्रेजों ने घुटने टेक दिये थे और अपना बोरा बिस्तर समेटकर सात समुद्र पार जाने को विवश हो गया था। इसके बाद इस विद्यालय में “कौन बनेगा करोड़पति” की तर्ज पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विजेता अनुराग कुमार और प्रिंस कुमार की जोड़ी बनी जबकि उपविजेता के रूप में मनीष कुमार और राहुल कुमार की जोड़ी ने कब्जा जमाया। इसके बाद ” गांधीजी एक विचार” कथा वाचन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें प्रथम स्थान अनुराग कुमार, द्वितीय स्थान विक्रम कुमार तथा तृतीय स्थान प्रियांशु कुमार ने प्राप्त किया।