रजौली (नवादा) प्रखंड क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से शुक्रवार की शाम से हाहाकार मच गया है।शुक्रवार शाम सात बजे से लेकर शनिवार को पूरे दिन तक बिजली के दर्शन न होने से जनजीवन बेपटरी हो गई।भीषण गर्मी और उमस में जहां लोग बिलबिला उठें।वहीं पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई।कई घरों में पीने के पानी के लिए लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा।घरों में लगे इन्वर्टर के जवाब देने से लोग छतों पर टहलते दिखे।मोबाइल चार्ज करने के लिए लोग तरस गए।बिजली आपूर्ति का बुरा हाल हो गया है।दो दिनों से सुबह शाम की कटौती से रजौली वासियों को शनिवार को बिजली की भारी किल्लत से जूझना पड़ा।शुक्रवार की शाम सात बजे के आसपास बिजली गुल हो गई।इसके बाद पूरी रात बिजली के दर्शन नहीं हुए।शनिवार को दिन में 10 बजे के बाद में कुछ हिस्सों में सप्लाई दी गई,वह भी कुछ देर के लिए।इसके बाद शाम 4:30 बजे बिजली कटी तो देर शाम तक दर्शन नहीं हुआ।15 घंटे तक बिजली कटने से रजौली मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में हाहाकार मच गया।भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोग जहां रात भर सो नहीं सके,वहीं दुकानदारी भी बुरी तरह प्रभावित हुई।रात में इन्वर्टर बंद होने से लोग छतों पर टहलते रहे और बाद में मौसम ठंडा हुए तो एक से दो घंटे सो सके।नींद पूरी न होने से सुबह ड्यूटी जाने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज काफी हद तक बाधित रहा।जिन कार्यालयों में जनरेटर लगे थे वहां तो काम हो सके।लेकिन अन्य स्थानों पर कामकाज ठप रहा।शनिवार तक लगातार बिजली न रहने से पीने के पानी संग दिनचर्या की जरूरत के लिए लोगों केे हैंडपंपो पर लाइन लगानी पड़ी है।
क्या कहते हैं,अधिकारी
बिजली विभाग के जेई भुवनेश्वर ने कहा की शुक्रवार की शाम में तेज वर्षा के कारण रजौली क्षेत्र के कई जगह इंसुलेटर जल गया एवं टूट गया है।जिसके कारण से बिजली बाधित रहा है।33 हजार वोल्ट लाइन का तार टूट जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।तार जोड़ लिया गया है।लेकिन उसमें करंट प्रवाहित नहीं हो पा रहा है।गड़बड़ी ढूंढने के लिए पेट्रोलिंग की जा रही है।फाल्ट मिलते ही आपूर्ति बहाल की जाएगी।