मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 5 एवं 12 जनवरी को विशेष अभियान दिवस का होगा आयोजन

नालंदा बिहार शरीफ
जनादेश न्यूज़ नालंदा
1 जनवरी 2020
की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत 5 एवं 12 जनवरी को विशेष अभियान दिवस के रूप में निर्धारित किया गया है। इस दिन प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ सभी संबंधित प्रपत्र के साथ उपस्थित रहेंगे तथा निर्वाचकों से दावा आपत्ति प्राप्त करेंगे।
एकीकृत प्रारूप प्रकाशन 16 दिसंबर 2019 को किया गया था। 16 दिसंबर 2019 से 15 जनवरी 2020 तक दावा आपत्ति प्राप्त किए जायेंगे। 27 जनवरी तक दावा आपत्तियों का निराकरण किया जायेगा। दावा आपत्ति के निराकरण के उपरांत 7 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
विशेष अभियान दिवस के आयोजन को लेकर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि जिला के मतदाता सूची में सेक्स रेशियो 886 है, जो राज्य के औसत से कम है। इसलिए अधिक से अधिक महिला मतदाताओं का नाम निर्वाचक सूची में जोड़ने के लिए कारवाई की जाए। उन्होंने 18 से 21 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस करने का निर्देश दिया।
विभिन्न राजनीतिक दलों के बी एल ए (बूथ लेवल एजेंट) को भी इस विशेष अभियान दिवस में उनकी सक्रिय सहभागिता हेतु अनुरोध किया गया है।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित थे।