बेटी पढ़ाओ -बेटी बचाओ जनजागरूकता रथ रवाना,रथ को डीडीसी ने हरी झंडी दिखाकर किया विदा

शेखपुरा
जनादेश न्यूज़ शेखपुरा
शेखपुरा : बेटी पढाओ बेटी बचाओ जन जागरूकता रथ सोमवार को कलेक्ट्रेट से गांवों की ओर रवाना किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में डीडीसी सत्येन्द्र कुमार सिंह ने रथ को हरी झंडी दिखा क्षेत्र में रवाना किया। इस अवसर पर इस अभियान से जुड़े कई विभागों के अधिकारियों में जिला परियोजना प्रबन्धक ब्रजेशचन्द सुधाकर, जिप अध्यक्ष निर्मला कुमारी , महिला हेल्प लाइन की परियोजना प्रबन्धक अमृता दयाल, सीडीपीओ शेखपुरा सुषमा सिन्हा,एक एनजीओ के सचिव विनोद कुमार , जिप सदस्य रूदल पासवान सहित अन्य उपस्थित थे। अधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह रथ जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत में पहुंचने का प्रयास करेगा। रथ के माध्यम से बेटी पढाओ बेटी बचाओ के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रही योजना की जानकारी देने का काम करेगा। इसके साथ ही इन योजना का लाभ लेकर बेटी को परिवार में बोझ समझने के प्रवृति को दूर करने और कम करने के बारे में जागरूक किया जायेगा। इस रथ के माध्यम से आमलोगों को दहेज उन्मूलन, बाल विवाह आदि कुरीतियों को भी दूर करने का प्रयास किया जायेगा। बताया गया कि बेटी के जन्म पर सरकार द्वारा दिए जाने वाली प्रोत्साहन राशि के अलावा उसके नाम पर डाकघर में रूपये जमा करने की योजना से अधिक से अधिक लोगो को जोड़ने का काम इस दौरान किया जायेगा। बेटी को स्कूलों में पढाई के दौरान पुस्तक, पोशाक, छात्रवृति, साईकिल योजना आदि के बारे में जानकारी देने का काम भी किया जायेगा। इस दौरान स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इस जागरूकता का मुख्य उद्देश्य सभी बेटियों को शिक्षित करना और उसे अपने पैरो पर खड़ा करना है। महिला सशक्तिकरण से ही देश मजबूत बनाये जाने की दिशा में सरकारी स्तर पर किये जाने वाले कार्यो को सामाजिक स्तर पर अपनाने पर जोर दिया जायेगा।