शेखपुरा : केंद्र सरकार द्वारा संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय शेखपुरा के नए प्राचार्य के रूप में जेएनवी शेखपुरा के उप प्राचार्य डॉ राघवेंद्र प्रसाद ने पदभार संभाला। जबकि निवर्तमान प्राचार्य ओमवीर सिंह को नवोदय विद्यालय शिक्षा समिति ने यहां से स्थानांतरित कर यूपी के जेएनवी अलीगढ़ भेज दिया। ओमवीर सिंह इस विद्यालय में तीन साल एक महीना प्राचार्य के पद पर रहे। ओमवीर सिंह के स्थानांतरण पर उनके सम्मान में जेएनवी ने विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूल के उप प्राचार्य सहित सभी शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने सोशल डिस्टनसिंग का अनुपालन करते हुए भाग लिया। समारोह में निवर्तमान प्राचार्य ने उप प्राचार्य डॉ राघवेंद्र प्रसाद को जेएनवी शेखपुरा के नए प्राचार्य का पदभार सौंपा। समारोह में निवर्तमान प्राचार्य के व्यक्तित्व एवम कार्यकुशलता की प्रशंसा की गई। साथ ही नये प्राचार्य को बधाई देते हुए उनसे स्कूल प्रबंधन कुशलतापूर्वक चलाने की उम्मीद जताई गई। मालूम हो कि नए प्राचार्य जेएनवी शेखपुरा में दशको तक भौतिक विज्ञान के शिक्षक पद पर रहे। गत साल जेएनवी समिति ने उन्हें पदोन्नति जेएनवी शेखपुरा के उप प्राचार्य पद पर दिया था।