पकरीबरावां : पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना रविवार की दोपहर का है, जहां पोल में आए करंट से अधेड़ की जान चली गई। बताया जाता है कि पकरीबरावां के बस स्टैंड निवासी 52 वर्षीय बीरेंद्र सिंह घर जा रहे थे। इसी बीच घर के पास ही गाड़े एक पोल, जिसमें पहले से ही करंट प्रवाहित हो रहा था, उसके संपर्क में आ गए। इससे पहले कि लोग कुछ कर पाते, उनकी मौत हो गई। जीवित होने की आस लिए परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इधर, सूचना मिलते ही पकरीबरावां थानाध्यक्ष सरफराज इमाम, बीडीओ डॉ. अखिलेश कुमार सहित अन्य अस्पताल पहुंच मामलें की जानकारी ली। क्षेत्रीय विधायक अरुणा देवी भी अस्पताल पहुंच घटना की जानकारी ली। साथ ही पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने हर संभव सहायता का भी आश्वासन दी।