अपोलो एक्सरे की आड़ में संचालित अवैध क्लिनिक में भर्ती 10 वर्षीय लड़की की हुई मौत

नवादा

जनादेश न्यूज़ नेटवर्क

रजौली : थाना क्षेत्र के बजरंगबली चौक स्थित अपोलो एक्सरे में संचालित अपोलो मेडिकल हॉल सह क्लिनिक में बीते बुधवार की दोपहर को जोगियामारण पंचायत के खुशियाली भित्ता गांव की एक 10 वर्षीय लड़की की मृत्यु इलाज में बरते जानेवाली लापरवाही के कारण हो गया।घटना के बाद डोमचांच निवासी कथित डॉ. सन्तोष कुमार उर्फ दखनाहवा डॉक्टर साहब मृतक लड़की के परिजनों को बहला-फुसलाकर किसी तरह शव को बाहर किया एवं तुरंत शटर बन्द कर भाग खड़ा हुआ।पीड़ित परिजन एक मजदूर थे,इसलिए वे अपने नसीब को कोसते हुए घर चले गए और मृत लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया।मृतक लड़की की पहचान खुशियाली भित्ता गांव निवासी पिन्टू मांझी की एकमात्र 10 वर्षीय पुत्री राजन्ति कुमारी के रूप में हुई है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं एक्सरे एवं मेडिकल हॉल के नाम पर अवैध क्लिनिक चलाने वाले संचालक अबतक दुकान बंद कर फरार है।

क्या है मामला –

मृतक लड़की के दादा नरेश मांझी समेत अन्य लोगों ने बताया कि बुधवार के अहले सुबह लगभग 4 बजे से उनकी पोती को उल्टी एवं दस्त होना शुरू हुआ।घर में लगभग दो बार उल्टी और दस्त हुआ तो वे इलाज कराने बुधवार की सुबह लगभग 9 बजे रजौली के बजरंगबली चौक स्थित अपोलो एक्सरे में संचालित क्लिनिक में पहुंचे।जहां कथित डॉ. संतोष कुमार के अलावे दो महिला नर्स स्टाफ ने लड़की को स्लाइन का एक बोतल चढ़ाया।एक बोतल स्लाइन के बाद लड़की परिजनों से बातचीत भी की।किन्तु दूसरे बोतल स्लाइन के दौरान उसकी तबियत अचानक बिगड़ने लगी और अंततः लड़की ने अपना दम क्लिनिक में तोड़ दिया।इसके बावजूद क्लिनिक संचालक सह कथित डॉक्टर द्वारा लड़की को सरकारी अस्पताल ले जाने की बात कहकर जल्दीबाजी में शटर को बन्द करने लगा।डॉक्टर द्वारा काफी प्रयास एवं स्थानीय दवाई दुकान विक्रेताओं एवं अन्य सहयोगियों के सहयोग से मृतक लड़की और परिजन को बाहर निकाल दिया और शटर बन्द कर भाग खड़ा हुआ।जबकि क्लिनिक में काम करने वाली एक नर्स अंदर ही बन्द रह गई,जिसे डेढ़-दो घंटे बाद जब परिजन मृतक लड़की को लेकर अपने घर चले गए,तब शटर खोलकर निकाला गया।पीड़ित परिजन का कहना है कि वे मजदूर हैं और लड़की के मृत होने पर कुछ समझ नहीं आया कि क्या करें।इसलिए वे अपने नसीब को कोसते हुए घर आकर बुधवार की शाम को ही गांव में लड़की को जमीन में दफना कर अंतिम संस्कार पूर्ण होने के बाद घर चले गए।उन्होंने कहा कि वे अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने को लेकर सिविल सर्जन नवादा डॉ. नीतू अग्रवाल से न्याय की गुहार लगाई है।परिजनों ने बताया कि सिविल सर्जन मैडम द्वारा उन्हें थाने जाकर प्राथमिकी दर्ज करवाने की बात कही है।साथ ही अवैध क्लिनिक संचालक के विरुद्ध उचित क़ानूनी कार्रवाई करने को लेकर आश्वस्त की है।पीड़ित परिजनों ने कहा कि गुरुवार को थाना जाकर लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाएंगी।

रजौली में संचालित हैं दर्जनों अवैध क्लिनिक,मौत के बाद भी नहीं जाग रहा प्रशासन

रजौली मुख्यालय में ब्लॉक रोड से लेकर अस्पताल रोड,बजरंगबली चौक से लेकर सिरदला रोड,पुरानी बस स्टैंड के सती स्थान,कुंडल मोहल्ला के रास्ते एवं बायपास समेत अन्य जगहों पर दर्जनों अवैध नर्सिंग होम बेरोकटोक संचालित हैं।जहां आये दिन नवजात से लेकर प्रसव कराने वाली महिलाओं एवं जहर आदि खाने वाले मरीजों की जान जाते रही है।इसके पीछे का एक मुख्य वजह प्रशासन द्वारा इन अवैध क्लीनिकों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती है।यदि प्रशासन द्वारा समय-समय पर रजौली में जांच अभियान चलाया जाए,तो किसी की जान यूं ही जाने से बच सकती है और लोगों का आर्थिक दोहन भी रुक सकेगा।